बहादुरगढ़। नौकरी दिलाने के नाम पर बहादुरगढ़ में एक व्यक्ति के साथ ठगी हुई है। घर बैठे काम देने के नाम पर एक फर्जी कंपनी के शातिरों ने व्यक्ति को लगभग ढाई लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित ने शहर पुलिस थाने में शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर के झज्जर रोड पर स्थित कॉलोनी छोटूराम पार्क निवासी तेजस्वी का कहना है कि कुछ समय पहले उनके पास नौकरी संबंधित एक मैसेज आया। मैसेज में कहा गया था कि प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में घर बैठे काम करें। मैसेज में एक वेबसाइट का लिंक था। इस लिंक पर क्लिक कर उसने रजिस्ट्रेशन कर लिया और अपनी प्रोफाइल बनाई। काम शुरू करने की एवज में कुछ राशि मांगी गई थी, जिस पर उसने दो लाख 52 हजार 456 रुपये जमा करा दिए। कंपनी की तरफ से अच्छी रकम यानी कमीशन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। काम तो मिला नहीं, जमापूंजी भी चली गई। वहीं, शहर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। लिंक भेजने वालों और कंपनी के बारे में पता लगाया जाएगा। जल्द से जल्द वारदात सुलझाने का प्रयास रहेगा।