झज्जर। आपसी विवाद की रंजिश को लेकर थाना दुजाना के एरिया में पिछले साल सात अक्टूबर 2020 को एक युवक की गोली मारकर हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया गया था। वारदात में शामिल दो आरोपियों को अपराध जांच शाखा झज्जर की पुलिस टीम ने प्रोडेक्शन वारंट पर लाया गया है। आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
अपराध जांच शाखा झज्जर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ने बताया कि आपसी विवाद की रंजिश को लेकर आरोपियों ने 7 अक्टूबर 2020 को गांव छोच्छी में फायर कर एक युवक की हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया गया था।
इस पर कार्रवाई करते हुए थाना दुजाना में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि सीआईए झज्जर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने वांछित आरोपियों को काबू किया गया। किसी अन्य आपराधिक मामले में दिल्ली के रोहिणी जेल में बंद आरोपी कुनाल उर्फ विशाल निवासी न्यू सैनिक विहार मेरठ उत्तर प्रदेश और हर्ष उर्फ दीपक निवासी वाजिदपुर दिल्ली को प्रोडेक्शन वारंट पर लाकर अदालत झज्जर में पेश किया गया। अदालत से दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेने के आदेश दिए हैं। गिरफ्त में आए दोनों आरोपी एक आपराधिक गिरोह के सदस्य हैं। उपरोक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन किस्म के अनेक आपराधिक मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों से हत्या की उपरोक्त वारदात के संबंध में विस्तृत खुलासा होने की संभावना है।