बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली रेलमार्ग पर गांव सांखोल के निकट एक व्यक्ति ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में बीमारी से तंग आकर जान देने का जिक्र किया गया है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव में रखवा दिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सांखोल के नजदीक रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि व्यक्ति ने ट्रैक पर गर्दन रखकर जान दी थी। पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। कपड़ों में एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें बीमारी का जिक्र था। लिखा था कि वह बिहार का निवासी है। उसके आगे-पीछे कोई नहीं है। बीमारी से बहुत परेशान है। इसलिए आत्महत्या कर रहा है। उसके शव का दाह संस्कार करा दिया जाए। बाकी नाम व पते संबंधित कोई जानकारी सुसाइड नोट में नहीं थी। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष आंकी जा रही है। जीआरपी थाने से जांच अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। लाइनों से आसपास लगती कॉलोनियों में पूछताछ की जा रही है।