बहादुरगढ़। गांव बराही में खेत से आ रहे एक व्यक्ति पर गांव के ही तीन युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर पीड़ित के घर की महिलाओं पर भी हमला कर दिया। इस पूरे झगड़े की ग्रामीणों ने वीडियो बना ली, जो सुबूत के तौर पर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने वीडियो और अन्य सुबूतों के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ नामजद व चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बराही निवासी रामनिवास ने बताया कि वह वीरवार दोपहर बाद अपने खेत से घर की तरफ आ रहा था। रास्ते में जब ट्रैक्टर से आ रहा था तो उस पर गांव के ही मनीष, भागीरथ व धोनी ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। उसे काफी चोटें पहुंचाई गई। बड़ी मुश्किल से भागकर उसने जान बचाई। इस झगड़े की गांव के लोगों ने मोबाइल में वीडियो बना ली।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इतना ही नहीं तीनों आरोपी व उनके परिजनों ने उसके घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में करवाया गया। रामनिवास ने ग्रामीणों से वह वीडियो लेकर सुबूत के तौर पर पुलिस को दी तो पुलिस ने मनीष, भागीरथ व धोनी के अलावा तीन-चार अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।