दिनभर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस एकदम अलर्ट दिखाई देती है। ट्रैफिक नियमों की पालना न करने वाले वाहन चालकों के धड़ल्ले से चालान भी कर रही है। लेकिन पुलिस की यह चुस्ती रात होते-होते सुस्ती में बदल जाती है। जिसका फायदा चोर उठा रहे है। शहर में चोरी की वारदातें बढ़ रही है।
पिछली वारदातों का कोई सुराग अभी लगा भी नहीं था कि मंगलवार देर रात चोरों ने फिर एक मकान को निशाना बनाया। हालांकि चोरों ने मकान के अंदर रखी कई अलमारियों और संदूकों को खंगाला, लेकिन गनीमत यह रही कि वो अपने मकसद में पूर्णतया कामयाब नहीं हो सके। बाद में चोर मकान में रखे चार सिलेंडर और एक बैट्री को अपने साथ ले गए। बाद में पीड़ित परिवार को पता चलने पर सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। फिंगर प्रिन्ट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार शहर के दुर्गा मौहल्ला में स्थित एक मकान में चोरों ने मकान के ताले चटका कर चोरी की। पीड़ित अरुण कुमार ने बताया कि चोरी की वारदात के चलते उसके चार सिलेंडर और एक बैट्री गायब है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई है।
वारदात के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही चोरी की वारदात में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सत्यवीर सिंह, शहर चौकी प्रभारी।