शहर के एक प्राइवेट स्कूल की ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की घर में ही करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों के बयान पर सेक्टर-6 चौकी पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि यूपी निवासी रितिक कई साल से सेक्टर-6 में रहने वाले अपने मौसा के पास रह रहा था।
वह पटेल नगर के साथ लगते एक प्राइवेट स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा का छात्र था। जब वह घर में ही ऊपर बने बाथरूम में नहाने के लिए गया तो जैसे ही उसने टूटी चलाई तो उसमें करंट प्रवाहित था। उसे तेज करंट का झटका लगा। जब उसके परिवार के सदस्यों को पता चला तो वे तुरंत उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में करवा कर पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार के सदस्य यूपी में ही रहते हैं।