झज्जर। पुलिस की ओर से दिवाली के त्योहार को शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों व क्राइम अन्वेषण टीमों को दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। हर तरफ शहर में पुलिस की ओर से नाके बंदी की हुई है।
सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों सहित अपराध अन्वेषण टीमों को आपराधिक प्रवृति के लोगों, असामाजिक व शरारती तत्वों पर कड़ी निगाह रखने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त जिले में स्थित सराय, ढाबे, होटल, धर्मशाला, बस स्टैंड, गेस्ट हाउस व अन्य सार्वजनिक व संदिग्ध स्थानों पर विशेष चेकिंग करने के आदेश किए गए हैं। बाजारों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष रूप से कड़ी निगाह रखने, अजनबी व्यक्तियों की तस्दीक करने व उनके अजनबी पर्चे जारी करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन खड़ा ना करने देने, झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले व्यक्तियों की जांच करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगाह रखने व किसी भी व्यक्ति के पास कोई अनुचित वस्तु मिलने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश किए गए हैं। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
वर्जन
सुरक्षा प्रबंधों के तहत जिले में राइडर्स, पीसीआर व पैदल गश्त टीमें अलग अलग निर्धारित किए गए स्थानों पर मुस्तैदी के साथ तैनात की गई हैं। संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की जांच व निगरानी के लिए जिले के अलग-अलग चिह्नित स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की गई है। झज्जर पुलिस आमजन की सुरक्षा व सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
- वसीम अकरम, एसपी झज्जर।