केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा का शुक्रवार को फिजिक्स की परीक्षा हुई। कई विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर में समय प्रबंधन ठीक था क्योंकि कुछ प्रश्नों के उत्तर लिखने में अधिक समय लगा। कुछ छात्रों ने कहा, ऑब्जेक्टिव प्रश्न आसान थे। उनसे अच्छे अंकों की उम्मीद है।
पेपर समाप्त होने के बाद बाहर निकले विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को मॉडरेट स्तर का बताया। नजफगढ़ रोड पर स्थित हरदयाल स्कूल में बने परीक्षा केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों ईशांत कुमार, छात्रा प्रिया, विजय कुमार, संदीप शर्मा ने बताया कि पेपर में अधिकांश प्रश्न सिलेबस के भीतर से थे और कॉन्सेप्ट आधारित थे।
कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि न्यूमेरिकल सवाल थोड़े लंबे थे लेकिन तैयारी करने वालों के लिए ज्यादा कठिन नहीं थे। छात्र रोहित ने बताया कि सेक्शन-बी के दो-तीन सवाल सोचने वाले थे जबकि थ्योरी वाले प्रश्न सीधे और आसान थे। छात्रा पूजा ने कहा कि पिछले वर्षों के पेपर देखने वालों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
अध्यापक रुचि शर्मा का कहना है कि प्रश्नपत्र संतुलित रहा और बोर्ड ने औसत स्तर के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर पेपर तैयार किया। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। अब विद्यार्थियों की नजर अगले विषयों की परीक्षाओं पर है।
-फोटो 59 : केंद्र से परीक्षा देकर बाहर आए विद्यार्थियों से बातचीत करती अध्यापक। संवाद