खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को जागरूक करने के लिए खेल विभाग भी पीछे नहीं है। जिसके लिए जिले में दूसरे बड़े खेल स्टेडियम का निर्माण होने जा रहा है। विभाग की तरफ से स्टेडियम के निर्माण के लिए सवा तीन करोड़ की राशि स्वीकृत कर ली गई है। जिला खेल विभाग के पास एक करोड़ रुपये का बजट भेज दिया गया है। निर्माण कार्य श्ुारू करने के लिए बीएंडआर विभाग के पास सूचना दे दी गई है। इंतजार है तो बस स्टेडियम के लिए जमीन मिलने का।
संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्टेडियम की ड्राइंग तैयार करवाने के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय फाइल भेज दी जाएगी, लेकिन उचित जमीन का चुनाव न होने के कारण मामला कुछ ढीला पड़ता नजर आ रहा है। विभाग द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार तैयार होने वाला खेल स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। बाहर से आए खिलाड़ियों के रुकने के लिए रेस्ट हाउस का निर्माण भी करवाया जाएगा।
जिले में खिलाड़ियों को नई व बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए विभाग काफी सक्रिय है। विभाग के आलाधिकारियों का कहना है कि खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन व नए खिलाड़ी तैयार करने के लिए वे हर नई सुविधा मुहैया करवाने की कोशिश कर रहे हैं। जिसके लिए बार-बार सरकार को प्रस्ताव भी भेजे जा रहे हैं। स्थानीय स्टेडियम जहांआरा बाग के अलावा भी जिले को एक नए स्टेडियम की सौगात मिलने जा रही है। जिसके लिए जिला खेल विभाग के खाते में कुल स्वीकृत राशि में से करीब एक करोड़ रुपये का बजट डाल दिया गया है, लेकिन स्टेडियम के लिए उचित जमीन का चुनाव ना होने के कारण मामला अधर में अटका हुआ है। बीएंडआर विभाग द्वारा भी स्टेडियम के निर्माण के लिए जल्द ही तैयारियों की फाइल को चंडीगढ़ मुख्यालय भेजने का दावा किया जा रहा है।
अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने जा रहे स्टेडियम में विभाग द्वारा उन सभी सुविधाओं के मुहैया करवाए जाने की बात कही जा रही है, जो आज के समय में एक खिलाड़ी के विकास के लिए जरूरी है। इन सुविधाओं में मुख्य रूप से मल्टी परपज जिम, रेस्ट हाउस, सोना बाथ, मल्टी परपज हाल व कैंटीन की सुविधाएं रहेंगी। इनके उपयोग से खिलाड़ी बेहतर भविष्य की तैयारियां कर सकता है। बाहर से आए खिलाड़ियों को रुकने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े, इसके लिए रेस्ट हाउस का भी निर्माण साथ में ही करवाया जा रहा है। बेहतर मेहनत करने के लिए मशीनी उपकरणों की भी जिम के रूप में व्यवस्था करावाई जाएगी।
निर्माण के लिए भूमि चुनाव में आ रही समस्या
करीब 20 एकड़ भूमि में बनने वाले इस स्टेडियम को लेकर विभाग काफी कोशिशें कर चुका है, लेकिन कहीं भूमि मालिक जमीन देने को तैयार नहीं हैं तो कहीं जगह उचित नहीं है, लेकिन विभाग का दावा है कि बजट की राशि जिला खेल विभाग के पास भेज दी गई है और निर्माण की भूमि के लिए भी लगातार कोशिशें जारी हैं। जल्द ही भूमि का चयन कर लिया जाएगा। उनका कहना है वे इस प्रकार की भूमि चयनित करने की कोशिश में लगे हुए हैं, जिससे कि जिले के हर गांव का खिलाड़ी इसका लाभ उठा सके।
बजट के अभाव में रुका बॉक्सिंग हॉल का निर्माण कार्य
वहीं, दूसरी ओर स्थानीय जहांआरा बाग स्टेडियम में बॉक्सिंग हाल का निर्माण करवाया जा रहा है, लेकिन बजट के अभाव में निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी का कहना है कि इस हाल के निर्माण कार्य के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। जिसके लिए 21 लाख का बजट निर्माण कार्य के लिए दिया जा चुका है, लेकिन बची हुई 9 लाख रूपए की राशि में देरी के कारण कार्य रुका हुआ है। बची हुई राशि आने के साथ ही इसका बचा हुआ निर्माण कार्य श्ुारू करवा दिया जाएगा।
नए स्टेडियम के निर्माण के लिए एक करोड़ की राशि जिला खेल विभाग के खाते में आ चुकी है। इसके लिए बीएंडआर विभाग को निर्माण कार्य श्ुारू करवाने के लिए सूचना दे दी गई है। उचित भूमि का चयन होने के साथ ही निर्माण कार्य श्ुारू कर दिया जाएगा।
-राजबीर हुड्डा, जिला खेल अधिकारी।