बहादुरगढ़। राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने रेलमंत्री अश्विन वैष्णव को पत्र लिखकर सोनीपत-पलवल रेल कॉरिडोर को आसौदा रेलवे स्टेशन से दोनों तरफ से जोड़ने की मांग की है।
केएमपी एक्सप्रेसवे के साथ सोनीपत-पलवल रेल कॉरिडोर बनाने की योजना है। हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचआरआईडीसी) व रेल मंत्रालय ने इसकी रूपरेखा तैयार की है। रोहतक-दिल्ली रेल लाइन पर मौजूदा आसौदा रेलवे स्टेशन को कॉरिडोर से एक तरफ यानी प्रस्तावित मांडोठी स्टेशन से जोड़ने का प्लान है, लेकिन दूसरी तरफ जसौर खेड़ी स्टेशन से जोड़ने की कोई योजना नहीं है। इस वजह से लोगों में नाराजगी है। लोग स्टेशन को दोनों तरफ से कॉरिडोर के साथ जोड़ने की मांग लगातार उठा रहे हैं। ग्रामीणों की इस मुहिम की अगुआई कर रहे प्रो. हरिओम जमदगनी ने बताया कि मांग को लेकर वह तमाम रेलवे अधिकारियों, विधायकों और सांसद से मिल चुके हैैं। बुधवार को सांसद रामचंद्र जांगड़ा से मुलाकात की। सांसद ने मामले में सकारात्मक रवैया अपनाया हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर एक पत्र लिख रेल मंत्री से पुरजोर पैरवी की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि एचआरआईडीसी ने न्यू आसौदा स्टेशन बनाने और लूप लाइन के जरिए कॉरिडोर को वर्तमान स्टेशन से जोड़ने के विकल्प रखे हैं। ग्रामीणों ने इस वर्तमान स्टेशन को ही कॉरिडोर से जोड़ने के विकल्प को चुना है।
रोहतक, सोनीपत, झज्जर और दिल्ली के लोगों को होगा लाभ
प्रो. हरिओम ने कहा कि अगर कॉरिडोर को आसौदा स्टेशन से जोड़ा जाता है तो रोहतक, सोनीपत, झज्जर और दिल्ली के लाखों लोगों को लाभ होगा। चारों तरफ के यात्री आसौदा स्टेशन से आसानी के साथ गाड़ी बदल सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सोनीपत-पलवल रेल कॉरिडोर को प्रस्तावित मांडोठी स्टेशन से दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर मौजूद आसौदा रेलवे स्टेशन से जोड़ने की योजना पहले से ही अधिकृत व स्वीकृत है। इसलिए मौजूदा आसौदा रेलवे स्टेशन को सोनीपत-पलवल रेल कॉरिडोर पर प्रस्तावित जसौर-खेड़ी स्टेशन से जोड़ना अति कारगर व अत्यावश्यक है।
बाईपास का काम करेगा कॉरिडोर का जुड़ाव
मौजूदा आसौदा रेलवे स्टेशन प्रस्तावित सोनीपत-पलवल रेल कॉरिडोर से दोनों तरफ/दिशाओं से जुड़ जाएगा तो चारों तरफ की गाड़ियों की अदला-बदली की सुविधा इस क्षेत्र के दस लाख से अधिक लोगों को प्रदान करेगा। यह जुड़ाव दिल्ली के लिए एक बाइपास का काम करेगा, जिससे दिल्ली में भीड़ व प्रदूषण भी कम होगा। साथ लाखों युवकों को आईएमटी मानेसर और निर्माणाधीन आईएमटी खरखौदा में नौकरी पाने के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा प्रदान करेगा।
-फोटो 3 : सांसद जांगड़ा को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।