बिरधाना गांव के एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक ने एएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। जिसमें अपराध जांच शाखा, थाना प्रभारी दुजाना व साइबर सेल को शामिल किया गया है। पुलिस की टीमों ने शहर सहित अनेक स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन फिलहाल कोई सफलता नहीं मिली है। मंगलवार को जौंधी गांव की सीमा पर खेतों में बर्फ तोड़ने वाले सूए से वारकर युवक की हत्या कर दी गई थी। फिलहाल तक हत्या के पीछे क्या कारण रहे और किसने उसकी हत्या की है इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है।
बिरधाना गांव निवासी अक्षय पुत्र डीघराम 24 वर्ष मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे घर से गया था। उसके बाद जब वह वापस नहीं आया तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जब उसका चाचा दोपहर बाद करीब तीन बजे खेत में पहुंचा तो उसका शव नाले के अंदर मिला था। पुलिस को घटना स्थल से एक शराब की बोतल, पानी की बोतल, नमकीन व प्लास्टिक के गिलास भी मौके पर मिले थे।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- राजेश दुग्गल, एसपी, झज्जर।