दुकानदारों से छह लाख रुपये ऐंठने के मामले में थानेदार गिरफ्तार
घटना के चार-पांच दिन बाद ही मामले की जांच क्राइम ब्रांच-2 को सौंप दी गई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। 16 जनवरी को नगर की गांधी मार्केट के दो दुकानदारों को जाल में फंसा कर तीन-तीन लाख रुपये ऐंठने के मामले में सोमवार को उस वक्त खलबली मच गई जब लाइन पार थाने के पीएसआई प्रमोद कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिन दुकानदारों से वसूली हुई थी उस दिन प्रमोद कुमार थाने के कार्यवाहक एसएचओ थे।
16 जनवरी की शाम को गांधी मार्केट स्थित विनीत गुप्ता पंसारी की दुकान में एक चार पहिया गाड़ी से तीन लोग आए थे। उन्होंने यज्ञ का सामान मांगा। दुकानदार सामान निकालने लगा तो इनमें से एक ने थैला खोलकर कहा कि यह सामान आपकी दुकान से मिला है। उसने यह भी कहा कि ये किसी वन्य प्राणि के नाखून हैं, जिन्हें गैरकानूनी रूप से दुकान में बेचने के लिए रखा गया है। इस व्यक्ति ने खुद को वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर अभिषेक बताया। दूसरे नाम दीपक बताया गया। विनीत के पड़ोसी दुकानदार अशोक को भी उन्होंने इसी तरह उलझाने की कोशिश की। दबाव बनाकर वे लोग दोनों दुकानदारों को लाइन पार थाने में ले गए। यहां काफी देर तक थाने में ड्रामा होता रहा और कुछ देर बाद थाने से बाहर दुकानदारों से छह लाख रुपये की अवैध वसूली हो गई। पुलिस के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया तो 17 जनवरी को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। चार-पांच दिन बाद ही मामले की जांच पुलिस की क्राइम ब्रांच-2 को सौंप दी गई। जांच कर रहे पुलिस अधिकारी जल्द ही मामले की तह तक पहुंच गए, लेकिन आरोपियों से एक ने जिला सत्र न्यायालय से अग्रिम जमानत करवा ली और दीपक फरार बताया गया, लेकिन 31 जनवरी को मामले में अलग ही स्थिति बन गई। एसपी वसीम अकरम के निर्देश पर झज्जर से एसपी विक्रांत भूषण लाइनपार थाना में पहुंच गए और थाने में पीएसआई प्रमोद कुमार को गिरफ्तार करवा दिया। जिस दिन अवैध वसूली हुई थी उस दिन प्रमोद कुमार थाने के कार्यवाहक एसएचओ थे।
...............वर्जन
दुकानदारों से छह लाख की अवैध वसूली होने की शिकायत मिली थी। मामले की जांच की गई। मामले के पुलिस तक पहुंचने के बावजूद इस तरह होना सरासर ही गलत है। पीएसआई प्रमोद कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जनता की सेवा के लिए है। किसी का भी भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा।
--वसीम अकरम खान, एसपी झज्जर