डीघल गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने निगम के जेई सहित सात कर्मचारियों को करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। निगम के जेई ने उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद निगम के उच्च अधिकारियों ने पुलिस विभाग से संपर्क किया। पुलिस के आने के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों को छोड़ा गया। इस संबंध में बिजली निगम के एसडीओ ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का दुजाना थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार शाम को बिजली निगम के जेई प्रदीप कुमार, लाइनमैन मुकेश, कुलदीप, युद्धबीर, प्रदीप, पुलिस कर्मचारी तेजभान, ड्राइवर राकेश की टीम के साथ गांव में डीघल में बिजली चोरी पकड़ने के लिए गए थे। जब पाना डाल्यान में निगम के कर्मचारी चोरी पकड़ने का कार्य कर रहे थे तो गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया और टीम में जेई सहित कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बंधक बनाने के दौरान चोरी पकड़ने गई टीम को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
गांव डीघल में चोरी पकड़ने गई टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। बंधक बनाने के बाद टीम ने सूचना दी थी। उच्च अधिकारियों से बातचीत कर गांव में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टीम ने उनको छुड़वाया। टीम को बंधक बनाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। - मंदीप सिंधू, उपमंडल अधिकारी, बिजली निगम, बेरी।
बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को बंधक बनाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने की बिजली निगम ने शिकायत दी है। निगम की शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। - शेर सिंह, थाना निरीक्षक, दुजाना।