सेक्टर 9 बाईपास के पास स्थित रविदास कालोनी के बेघर लोगों के धरने पर देर शाम को एसडीएम जगनिवास और हुडा के संपदा अधिकारी विजय राठी ने पहुंचकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। अधिकारियों को देखकर धरने पर बैठी बुजुर्ग महिलाएं घर टूटे जाने के दर्द से फूट-फूटकर रोने लगी। महिलाओं ने अधिकारियों के सामने उसी दिन से भूखे प्यासे खुले आसमान के नीचे पड़े होने की दर्द भरी दास्तान बहते आंसुओं के साथ सुनाई। अधिकारियों ने लोगों की मांगों पर सहानुभूति जताई और उन्हें पूरा करने के लिए हरसंभव मदद की बात कही। वहीं लोगों का धरना लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। बेघर लोगों की ओर से बुधवार को महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर भाग लेंगे। अशोक तंवर बेघर लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से मांग करेंगे और बेघरों को अपना पूरा समर्थन देंगे। साथ ही मंगलवार को बेघरों को छोटूराम धर्मशाला सोसायटी के प्रधान सज्जन दलाल की ओर से खाना भेजा गया।
गौरतलब है कि 17 अप्रैल को हुडा की ओर से सेक्टर 9 बाईपास के साथ लगती जमीन पर बने मकानों को तोड़ दिया था। इस वजह से संत रविदास कालोनी के रहने वाले लोग सड़क पर आ गए थे और कई दिन तक न्याय की मांग को लेकर खुले आसमान के नीचे रह रहे थे। दो दिन पहले लोगों ने धरना शुरू कर दिया था जो मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे मानसिंह, जीते, प्रकाश सोनू, प्रवीण, सूबे सिंह, राजकुमार, बीर सिंह, हवा सिंह ने बताया कि उन्हें जमीन चाहिए और प्रशासन जमीन देने को तैयार होगा तो वे अपना धरना समाप्त कर देंगे, अन्यथा अपनी मांगों को लेकर वे संघर्ष को और तेज करेंगे।
उधर, बेघर परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे बुल्लड़ पहलवान ने बताया कि बुधवार को धरना स्थल पर सर्व जातीय महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हरसंभव सहायता करने का दिया है आश्वासन : राठी
इस बारे में हुडा के संपदा अधिकारी विजय राठी का कहना है कि एसडीएम और मैं धरना स्थल पर गए थे। धरने पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया था और उन्हें फ्लैट देेने का भी आफर किया था। मगर उन्होंने अब भी फ्लैट लेने से मना कर दिया। इसके अलावा उनकी जो भी मांग हैं, उन पर हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया है। उनकी मांग सरकार के पास भी भेजी जाएगी।
फोटो 15 : धरना स्थल पर खाना खाते लोग।