बैंकों की छुट्टी के चलते शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा तो कुछ ऐसा ही हाल एटीएम बूथों का रहा। शनिवार को शहर के किसी भी बूथ में लोगों को कैश नहीं मिला। शहर के अधिकांश एटीएम शुक्रवार की रात को ही खाली हो गए थे, जिसके बाद उनमें कैश ही नहीं डाला गया।
इसके चलते शनिवार और रविवार को लोग किसी भी तरह से पैसे निकालने से वंचित रहेंगे। वहीं शनिवार और रविवार को छुट्टी का दिन रहने के कारण बैंक प्रबंधनों ने भी राहत की सांस ली है। वहीं अब सोमवार को बैंकों में काफी भीड़ उमड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते बैंकों में मारामारी के हालात रहेंगे।
फतेहपुरी निवासी चेतन ने बताया कि वह अपने किसी काम से एटीएम में पैसे निकालने के लिए पहुंचा था, लेकिन पैसे नहीं मिले। वह शुक्रवार को बैंक से भी पैसे निकलवाने के लिए गया था, लेकिन वहां पर लाइन बड़ी होने के कारण नंबर नहीं आया। इसके चलते उसे अब खाली हाथ ही लौटना पड़ेगा।
शहर निवासी राजबीर ने बताया कि वह शहर के अधिकांश एटीएम के चक्कर काट चुका है, लेकिन कहीं भी कैश नहीं मिला। उन्होंने बताया कि शनिवार को जब बैंकों की छुट्टी थी तो कुछ एटीएम में कैश भी डाला जाना चाहिए था, ताकि लोगों को भटकना न पड़े।
पेट्रोल पंपों पर भी नहीं पहुंची स्वैप मशीन
केंद्र सरकार ने भले ही पेट्रोल पंपों की स्वैप मशीनों से लोगों को 2-2 हजार रुपये दिलवाने का वादा किया हो, लेकिन हकीकत में अब तक ऐसा कुछ हुआ नहीं है। अमर उजाला टीम ने इसकी जानकारी जुटाने के लिए एस्सार कंपनी के रोहतक रोड स्थित पेट्रोल पंप का दौरा किया, जहां पर सेल्स मैनेजर संदीप ने बताया कि उन्हें इस बारे में न तो कोई जानकारी भेजी गई है और न ही कोई मशीन यहां पर आई है। पेट्रोल पंपों पर कैश मिलने की घोषणा पर अभी झज्जर में कोई काम शुरू नहीं हुआ है।
सुरक्षा के लिए बनाया व्हाट्स ऐप ग्रुप
नोटबंदी के बाद से जिले के बैंकों में बने हुए हालात पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक व्हाट्स ऐप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें एलडीएम के अलावा सभी बैंक मैनेजरों को भी जोड़ा गया है। बैंकों में नोटबंदी के चलते इन दिनों भीड़ उमड़ रही है। कई बार कैश खत्म होने या फिर लेट होने की स्थिति में लोगों द्वारा हंगामा भी किया जाता रहा है। ऐसी स्थिति को तत्काल संभालने के लिए बैंक मैनेजरों को मैसेज देने की हिदायत भी जारी की गई है।
खरखौदा में बैंक से करीब एक करोड़ रुपये की चोरी हो जाने के बाद से एलडीएम की ओर से सभी बैंक प्रबंधनों को हिदायत जारी की गई है कि क्षेत्र की ग्रामीण शाखाओं में कैश बहुत कम मात्रा में ही रखना है। वहीं कुछ खास शाखाओं को भी चिह्नित किया गया है, जहां तीन लाख से कम कैश रखने की हिदायत भी दी गई है।
कैश खत्म होने के चलते एटीएम में कैश नहीं डाला गया। अब तो लोगों को कैश सोमवार को ही मिल पाएगा। सभी बैंक प्रबंधनों को हालात को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध करने की हिदायत दी गई है।
एलडी शर्मा, एलडीएम झज्जर