बहादुरगढ़। केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों द्वारा पंजाब में किया गया रेल ट्रैक जाम का असर बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर नहीं पड़ा है। वीरवार को प्रतिदिन की तरह बहादुरगढ़ स्टेशन से बिना किसी विलंब और रुकावट के ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। हालांकि विरोध प्रदर्शन की सूचना को लेकर रेलवे अधिकारी सतर्क रहे।
दिल्ली से चलकर बहादुरगढ़ के रास्ते पंजाब और जम्मू की तरफ प्रतिदिन काफी ट्रेनें जाती हैं। वीरवार को भी प्रतिदिन की तरह यहां से ट्रेनों का सही संचालन हुआ। बिना किसी रुकावट के ट्रेनें यहां से निकलीं। इससे यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। बहादुरगढ़ के रास्ते पंजाब और जम्मू की तरफ 9 ट्रेनें जाती हैं। इनमें सुबह 5 बजे छिंदवाड़ा एक्सप्रेस, सुबह सवा 6 बजे गोरखधाम एक्सप्रेस, पौने 8 बजे लुधियाना-मोघा-जालंधर ट्रेन, दोपहर 2 बजे गंगानगर, 3 बजे किसान एक्सप्रेस, सवा 5 बजे अवध असम एक्सप्रेस गाड़ी निकली। रात को 10 बजे बहादुरगढ़ के रास्ते मुंबई-फिरोजपुर, साढ़े 10 बजे पठानकोट और रात 12 बजे वैष्णो देवी कटरा जम्मू के लिए ट्रेन जाती हैं। दरअसल, किसानों ने वीरवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक रेल रोकने का ऐलान किया था। इस दौरान बहादुरगढ़ से कोई भी ट्रेन पंजाब नहीं पहुंचती है। इसलिए बहादुरगढ़ से ट्रेन बिना किसी रुकावट के निकली।
-फोटो 55 : वीरवार बहादुरगढ़ स्टेशन से पंजाब के अमृतसर की तरफ जाती ट्रेन।