बेहद गरीबी में जीवन जीने वाले राहुल रोहिल्ला ने अपनी प्रतिभा के बल पर टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था। रांची में हुई 20 किलोमीटर पैदल चाल एक घंटा 20 मिनट 26 सेकंड में पूरी करके रजत पदक जीत राहुल ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था। लेकिन जितने समय में उसने इस चाल को पूरा किया उस समय को वह टोक्यो ओलंपिक में नहीं दोहरा पाया। यदि वह क्वालिफाइंग टाइम के अनुसार ही अपनी चाल दिखा पाता तो भारत के लिए पदक पक्का हो जाता।
छोटे से ब्लैक एंड व्हाइट टीवी पर ही देखा मैच
एथलीट राहुल रोहिल्ला की जीत के लिए सुबह से ही लोग किसी न किसी तरह से दुआएं कर रहे थे। इलेक्ट्रिशियन पिता रोहतास रोहिल्ला व बाकी परिजन भी अपना कामकाज छोड़ अपने छोटे से ब्लैक एंड व्हाइट टीवी के आगे बैठ राहुल का मैच देखते रहे। वे घर में आने वालों की आवभगत करने में भी पीछे नहीं रहे। मां रामरति व ताई प्रेमलता पूजा पाठ करती रहीं।
बहन उर्मिला व सुमन, दोस्त सौरभ और कोच भीम अवार्डी चरण सिंह राठी ने घर में बैठकर राहुल की 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा देखी। शुरू में राहुल का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा लेकिन धीरे-धीरे वह पिछड़ता गया। विजेता प्रतिभागियों से काफी पीछे रहने के कारण परिवार के सदस्यों के चेहरे पर मायूसी साफ तौर पर देखी गई। बेटे की हार से मां काफी मायूस नजर आई और कुछ भी नहीं बोल पाई।
मौसम व समय प्रतिकूल होने का पड़ा विपरीत असर
छोटी बहनें मायूस दिखी लेकिन वे अपने भाई के ओलंपिक में खेलने से उत्साहित भी रहीं। बहादुरगढ़ से इससे पहले कोई भी खिलाड़ी ओलंपिक तक नहीं पहुंच पाया। राहुल के कोच रहे भीम अवार्डी चरण सिंह राठी ने कहा कि राहुल अपना स्वाभाविक खेल नहीं दिखा पाया। दरअसल, उसने शुरू से ही सुबह के समय पैदल चाल में भाग लिया और टोक्यो ओलंपिक में यह स्पर्धा शाम के वक्त होने से उस पर मानसिक तौर पर दबाव बढ़ा। जिस कारण वह पदक नहीं झटक पाया।