महाराजा अग्रसेन चौक के पास झज्जर-बहादुरगढ़ सड़क पर बने गड्ढे।
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। बहादुरगढ़ रोड पर महाराजा अग्रसेन चौक के सामने वाली सड़क काफी दिनों से जर्जर और गड्ढा युक्त बनी हुई है। कुछ दिन पहले ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन वाहनों के आवागमन के कारण तीन से चार दिन बाद ही सड़क उखड़ गई। मार्ग पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे लोगों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है। उन्होेंने प्रशासन से मार्ग की बेहतर ढंग से मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रतिदिन इसी सड़क से आला अधिकारियों का आना जाना होता है। इसके अलावा मौजूदा सरकार के छोटे बड़े नेताओं का काफिला भी इसी सड़क से गुजरता है, लेकिन हालात यह है कि कोई भी अधिकारी व सफेदपोश सड़क के सुधारीकरण के बारे में नहीं सोच रहा है। प्रतिदिन दुपहिया वाहन चालकों के अलावा बड़े वाहन भी गहरे गड्ढों में धंसकर नुकसान का सामना कर रहे हैं।
दुपहिया वाहन चालक तो प्रतिदिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं लेकिन विभाग की ओर से कोई भी सुध नहीं ली जा रही है। शहर के गैस गोदाम की सड़क की हालत बेहद खस्ताहाल बनी हुई। सीवरेज व्यवस्था बदहाल होने के कारण सड़क नीचे धंसने से सड़क उबड़-खबड़ हो गई है। जिससे वाहन चालकों का सतुंलन बिगड़ने से कई बार दुर्घटना हो गई हैं, लेकिन जनस्वास्थ्य विभाग व लोक निर्माण विभाग के आपसी तालमेल न होने का खामियाजा शहरवासियों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
एसडीओ को मौके पर भेजकर सड़क की हालत की जांच करवाई जाएगी। जैसी स्थिति रहेगी, उसी के हिसाब से सड़क को ठीक करवा दिया जाएगा। - अनिल रोहिला, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बहादुरगढ़।