बहादुरगढ़। गांव आसौदा स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। वजह मानसिक परेशानी बताई जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले में 174 के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक की पहचान करीब 24 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। सूरज मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला था। पिछले कुछ साल से वह यहां आसौदा गांव में रह रहा था। एक कंपनी में काम करता था। बीती रात को खाना खाकर वह और उसके बीवी बच्चे सो गए। सुबह पत्नी ने देखा तो सूरज फंदे पर लटका हुआ था। देखते ही उसने शोर मचाया। जब तक संभाला जाता, सांसें थम चुकी थी। चिकित्सकों ने भी मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर आसौदा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। दोपहर को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि सूरज मानसिक रूप से परेशान था। इसलिए उसने यह कदम उठाया। चौकी प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि आसौदा में एक युवक की फांसी लगने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में देखते हैं क्या कुछ सामने आता है। उस आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की गई है।