प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे हरियाणा में लंबे वक्त तक काम करने का अवसर मिला है और अनेक सरकारों को मैंने नजदीक से काम करते देखा है लेकिन हरियाणा को अनेक दशकों में मनोहर लाल के नेतृत्व में शुद्ध रूप से ईमानदार सरकार मिली है। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय कैंसर संस्थान बाढ़सा में नवनिर्मित इंफोसिस फाउंडेशन विश्राम सदन के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विश्राम सदन के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मनोहर लाल की हरियाणा सरकार जनता की भलाई के लिए सोचती है। हरियाणा के विकास का मूल्यांकन किया जाए तो पिछले 5 दशकों की सबसे उत्तम और सबसे रचनात्मक तरीके से काम करने वाली मनोहर सरकार हरियाणा को मिली है।
मोदी ने कहा कि मैं मनोहर लाल को लंबे वक्त से जानता हूं लेकिन सीएम बनने के बाद उनकी प्रतिभा और भी निखर कर आई है। जिस प्रकार से हरियाणा सरकार उनके नेतृत्व में इनोवेटिव काम कर रही है उस कार्य शैली को केंद्र सरकार भी अपनाती है और आज अन्य राज्यों के लिए मनोहर प्रदेश हरियाणा प्रेरणा स्रोत बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री व उनकी टीम को बधाई देता हूं कि जिस तरह से वो काम कर रहे हैं वो हरियाणा के सुखद भविष्य की नींव में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री से तारीफ मिलने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खड़ होकर हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री की ओर से जो भी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की लगाई जाएगी उस भरोसे पर हरियाणा सरकार खरा उतरेगी।