-फोटो 54 : बाजार में एक दुकान पर सजी सब्जियां। संवाद
बहादुरगढ़। ठंड बढ़ने और मंडी में सब्जियों की आवक बढ़ने से सब्जियों के दाम कम हो गए हैं। इससे लोगों को काफी राहत मिल रही है। बीते दस दिनों के अंदर आलू से लेकर टमाटर, मूली, प्याज समेत कई सब्जियों की कीमत में गिरावट आई है। कारोबारियों के मुताबिक, सब्जियों की आवक बढ़ी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम में और गिरावट आ सकती है।
झज्जर रोड पर स्थित सब्जी मंडी के आढ़ती संजय कुमार, राजेश ने बताया कि मंडी में हरी सब्जियों की आवक बढ़ गई है। मंडी में नासिक, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, और उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहरों से सब्जियों की सप्लाई होती है। उन्होंने बताया कि इन दिनों ठंड बढ़ने की वजह से हरी सब्जियों की सप्लाई तेज हो गई है। दूर-दराज के साथ अब लोकल की भी सब्जियां मार्केट में आने लगी हैं, जिसकी वजह से कुछ सब्जियों के रेट कम हुए हैं।
अनुमान है कि आने वाले एक हफ्ते में मटर से लेकर बींस के रेट भी कम हो सकते हैं। वहीं सब्जी विक्रेता विजय कुमार ने बताया कि इन दिनों आलू, प्याज, टमाटर के रेट तो कम हुए हैं, लेकिन मटर के रेट बढ़ रहे हैं। 10 दिन पहले 90 से 100 रुपये के किलो बिकने वाली मटर की कीमत अब 110-120 रुपये तक पहुंच गई है। इसके अलावा भिंडी की कीमत में बढ़ोत्तरी हुई है। 10 दिन पहले 70-80 रुपये में बिकने वाली भिंडी की कीमत रिटेल मार्केट में 140 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, हरी सब्जियों के रिटेल कारोबार सुधीर कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से सब्जियां सस्ती हुई हैं, लेकिन कुछ सब्जियां अभी भी महंगी हैं।
सब्जी
अभी का रेट
10 दिन पहले का रेट
आलू
30-40
40-50
टमाटर
30-40
50-60
प्याज
50-60
70-80
गोभी
60
80
हरी मिर्च 40
50-60
मूली
10
20
नोट : झज्जर रोड पर स्थित सब्जी मंडी में मिल रही सब्जियों के रिटेल रेट