-फोटो 60 : बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड पर किया जा रहा पानी का छिड़काव। संवाद
बहादुरगढ़। एक तरफ जहां ठंड बढ़ रही है। वहीं दूसरी तरफ प्रदूषण भी लगातार परेशान कर रहा है। रविवार को बहादुरगढ़ में एक्यूआई ऑरेंज जोन में 284 पर पहुंचा। सुबह से शाम तक प्रदूषण का स्तर बढ़ता रहा।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले कई दिनों तक तापमान के छह डिग्री से नीचे जाने की संभावना नहीं है। हालांकि क्रिसमस के आसपास ठंड और बढ़ सकती है, जो नए साल तक जारी रहेगी। अगले कुछ दिनों तक सुबह शाम शीत लहर तो नहीं चलेगी, लेकिन ठिठुरन वाली ठंड होगी। दिन में धूप खिलने से सर्दी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 16 से 20 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम 6 से 7 डिग्री रह सकता है। हल्का कोहरा भी रहेगा। वहीं सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद ग्रैप में भी फिर से बदलाव किया गया है। स्कूलों के निमयों को भी इस बार ग्रैप के नोटिफिकेशन में शामिल किया है। स्कूलों को हाइब्रिड मोड पर चलाने का नियम ग्रैप में अब अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड पर प्रदूषित दिनों में स्कूल चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच प्रदूषण का स्तर रविवार को बढ़कर 284 पर पहुंच गया। सीएक्यूएम की ओर से मिली जानकारी के अनुसार रिवाइज्ड प्लान के तहत ग्रैप-2 में एनसीआर से दिल्ली में आने वाली इंटरस्टेट बसें अब दिल्ली नहीं जा सकेंगी। इनमें इलेक्ट्रिक बसें, सीएनजी बसेें और बीएस-6 डीजल बसों को छूट दी गई है। पहले यह नियम ग्रैप-3 में लागू होता था। इसके अलावा ग्रैप-3 में ही अब आरडब्ल्यूए को अपने सिक्योरिटी स्टाफ को इलेक्ट्रिक हीटर देने होंगे। अभी तक यह अनिवार्य नहीं था, बल्कि आरडब्ल्यूए को ऐसा करने की सलाह दी गई थी। अब इसे अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं प्रदूषण न बढ़े, इसे लेकर नगर परिषद की ओर से लगातार शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है।