हिसार से दिल्ली जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस के डीजल टैंक फटने से सैकड़ों लीटर तेल व्यर्थ में रेलवे लाइन पर बह गया। जैसे ही लोगों को इसका पता चला, वे बाल्टी और अन्य बर्तनों को लेकर मुफ्त में डीजल भरने के लिए पहुंचे। एकाएक हुए इस वाकये से गाड़ी लेट हो गई और यात्री भी ठंड में परेशान हो गए।
हुआ यूं कि यात्रियों से भरी गोरखधाम एक्सप्रेस दिल्ली की तरफ कूच कर रही थी। जब ट्रेन बहादुरगढ़ के प्लेटफार्म नंबर-2 के पास पहुंची तो अचानक उसके डीजल की टंकी फूट गई। कुछ ही देर में लीकेज बढ़ गई। जैसे ही ड्राइवर की नजर इस ओर पड़ी तो तुरंत डीजल टैंक को संभाला गया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी रिसाव बंद नहीं हुआ। मौके का फायदा उठाने के लिए लोगों की काफी भीड़ हो गई। आसपास रहने वाले लोगों ने मौके को भुनाने में ज्यादा देर नहीं लगाई।
जहां से उन्हें बर्तन और बाल्टियां मिलीं, उनको लेकर तुरंत प्लेटफार्म की ओर दौड़ते नजर आए। टैंक से लगातार रिसाव होने के कारण काफी लीटर डीजल रेलवे लाइन पर बह गया। इसकी सूचना मिलने पर रेलवे और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों ने पूरे मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया। इस घटना के कारण ट्रेन लेट हो गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्रियों ने रेलवे के अधिकारियों से दूसरा पावर इंजन लगाकर गाड़ी को रवाना करने की मांग की।