पंचायत चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर पुलिस स्टेशनों व चौकियों में तैनात पुलिस कर्मियों ने क्षेत्र के अनेक गांवों में फ्लैग मार्च निकाला।
थाना सदर प्रभारी बिजेंद्र सिंह, थाना लाईनपार प्रभारी चंद्रवीर, अपराध शाखा प्रभारी सुमित कुमार के अलावा अन्य पुलिस अधिकारियों ने दर्जन भर से अधिक गांवों से होते हुए फ्लैग मार्च किया।
सोमवार की दोपहर को निकाला गया फ्लैग मार्च गांव जाखोदा बाईपास से होता हुआ गांव आसोदा, जसोरखेड़ी, खेड़ी जसोर, लुहारेहड़ी, कुलासी, कानोंदा, लडरावण, खैरपुर, मुकुंदपुर, बामनौली, परनाला सहित अन्य गांवों से निकला। इसमें 100 से अधिक पुलिसकर्मी थे। हथियारों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस का लंबे काफिला गांवों से निकला। जिला पुलिस अधीक्षक के अनुसार चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।
किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। संवेदनशील व अति संवेदनशील गांवों पर पुलिस की पूरी तरह से नजर रहेगी। यही नहीं सामान्य गांवों में भी चुनाव के दौरान पुलिस का पहरा रहेगा। हर लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बता दें कि बहादुरगढ़ ब्लाक में पंचायती राज चुनाव 10 जनवरी को हैं। ऐसे में चुनाव में किसी तरह की कोई हिंसा व अप्रिय घटना न हो इससे निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन मुस्तैद दिखाई दे रहा है।
जिन गांवों में चुनाव को लेकर पूर्व में घटनाएं हुई है वहां पर सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने के लिए रणनीति बनाई गई है। मतदान केंद्र के आसपास किसी को भी नहीं रहने दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति किसी तरह से हंगामा करता है या फिर चुनाव प्रक्रिया में दखल देता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।