-फोटो 54 : मयंक मिश्रा, डीसीपी बहादुरगढ़।
बहादुरगढ़। जिला पुलिस द्वारा पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन के नेतृत्व में आम नागरिक को साइबर क्राइम से बचाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है, लेकिन थोड़ी लालच में आकर पढ़े लिखे लोग भी साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं। पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा ने आमजन से किसी के भी झांसे में न आने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि आजकल टास्क पूरा करने के नाम पर सबसे ज्यादा धोखा हो रहा है। पहले आपको टेलीग्राम ग्रुप के साथ जोड़ा जाएगा, आपको पैसा डबल करने की वीडियो दिखाई जाएगी, जिसमें आपको टास्क पूरा करने के लिए कहा जाएगा। ठगी करने वाले द्वारा आपका यूजर आईडी पासवर्ड बनवाया जाएगा जोकि एक एक्सेस लिंक ही होता है।
इसमें शुरुआत में छोटी राशि को लगाने के लिए कहा जाता है जैसे ही आप छोटा अमाउंट उनको देते हैं। वह आपको राशि बढ़ाकर आपके खाते में डाल देते हैं। इस तरह दो-तीन बार आपके खातों में पैसों का आदान-प्रदान होगा। जिससे आप उनके जाल में फंसते चले जाओगे और फिर एक बड़ा अमाउंट डालने के लिए कहा जाएगा। जैसे ही आप बड़ा अमाउंट डालोगे तो आगे से कहा जाएगा कि आपके पैसे तब निकलेंगे जब आप और अमाउंट डालोगे।
पुलिस की आमजन से अपील है कि टास्क इन्वेस्टमेंट में पैसे लगाने से बचें, किसी भी प्रकार के प्रलोभन में ना आए और घर बैठे पैसे कमाने के चक्कर में किसी के बताए लिंक पर क्लिक करके अपने मोबाइल का एक्सेस नहीं दें। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि साइबर जालसाजी से बचने का सबसे बेहतर तरीका जागरूक है। ठगी होती है तो साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। अगर साइबर हेल्पलाइन पर समय रहते शिकायत की जाए तो आम आदमी की मेहनत की कमाई बचाई जा सकती है।
-फोटो 54 : मयंक मिश्रा, डीसीपी बहादुरगढ़।
-