पानी की टंकी में लार्वा की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार को भी जिले में डेंगू के नौ मरीज मिले हैं। इनका इलाज डे केयर में ही किया जा रहा है। इस दौरान किसी भी मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया जाता है। जिले में अब तक मरीजों के 1313 सैंपलों की जांच हो चुकी है। इसमें डेंगू के 268 मरीज मिल चुके हैं।
सामान्य अस्पताल में इस समय चिकित्सकों की कमी होने के कारण मरीज निजी अस्पतालों में इलाज के लिए लोग जा रहे हैं। खासकर फिजिशियन न होने के कारण सामान्य अस्पताल की ओपीडी भी काफी कम हो गई है। करीब एक हजार मरीजों की ओपीडी घट कर 350 के आसपास रह गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में 268 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। विभाग की तरफ से बुखार के सभी मरीजों की स्लाइड बनाई जा रही हैं। जिन मरीजों में डेंगू के लक्षण दिखाई देते हैं तो उनके सैंपल लेकर जांच की जा रही है। निजी अस्पतालों से भी डेंगू के मरीजों के रिपोर्ट पॉजिटिव हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पानी से प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयां डाली जा रही हैं। साथ ही आमजन को डेंगू के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं डेंगू प्रभावित इलाकों में फॉगिंग का कार्य भी शुरू करवाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी अस्पतालों को भी डेंगू के मरीजों की जानकारी देने के लिए निर्देश दिए हुए हैं।
सेहलंगा में मिले एक दिन में डेंगू के चार मरीज
सेहलंगा गांव में बुधवार को डेंगू के चार मरीज मिले हैं, जबकि छारा, खोरड़ा, फतेहपुरी, बेरी व सिलानी में एक-एक डेंगू के मरीज पाए गए हैं।
घरों के आसपास पानी न भरने दे लोग
लोगों को डेंगू से बचाव के लिए पूरी तरह सावधान रहने की आवश्यकता है। अपने घरों के आसपास पानी न भरने दें। अगर पानी भरा भी है तो उसमें कोई भी खराब तेल डाल दें।
- डॉ सरीता गोरी, उप सिविल सर्जन, झज्जर।