गन्ने के खेत में कपड़ों में लिपटा मिला नवजात का शव
अज्ञात महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। गांव दहकोरा व आसौदा के बीच गन्ने के खेत में एक नवजात का शव कपड़ों में लिपटा मिला। तीन दिन पहले बराही फाटक के पास कूड़े के ढेर में मृत बच्ची मिलने का मामला सुलझ भी नहीं पाया था कि अब ऐसी ही घटना फिर हो गई है। खेत में बच्ची का शव मिलने की सूचना पर थाना आसौदा से पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने एक किसान के बयान पर अज्ञात महिला के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बयानकर्ता दहकोरा निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि वह अपने ईख के खेत में भरे पानी को इंजन की मदद से निकाल रहा था। इस दौरान उसे सड़क से कुछ ही दूरी पर ईख के खेत में कपड़ों में लिपटा हुआ शिशु देखा। शिशु के पांव कपड़ों से बाहर दिखाई दे रहे थे। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को और ग्रामीणों को दी। थाना आसौदा से पुलिस पहुंची। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक आजाद सिंह ने बताया कि जांच की तो पाया कि वह लड़की थी और मृत थी। मौके पर जांच व साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। जांच अधिकारी के अनुसार डिलीवरी के करीब 10 दिन बाद की बच्ची होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि बच्ची को यहां किसने छोड़ है इसका पता लगाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों व अन्य संभावित स्थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्यकर्मियों, आशा वर्करों से भी यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके कार्यक्षेत्र दौरान कौन महिलाएं गर्भवती थी और कितनी महिलाओं की डिलीवरी अभी तक हुई है। ताकि दोषी का पता लगा सके। बता दें कि बराही फाटक के नजदीक भी तीन दिन पहले किसी ने एक नवजात को रेलवे लाइन किनारे कूड़े ढेर में छोड़ दिया था। वह शिशु भी मृत थी। रेलवे पुलिस नेे इस संबंध में फिलहाल अज्ञात महिला के खिलाफ अभियोग दर्ज कर छानबीन कर रही है। मगर अभी तक बच्ची को कूड़े के ढेर में डालने वालों का कुछ भी पता नहीं लग पाया है।