दिल्ली के पंजाबी बाग में बन रहे दिल्ली मेट्रो के पहले इंटरचेंज हाल्ट स्टेशन के प्लेटफार्म का निर्माण कार्य पूरा न होने से 25 मार्च तक बहादुरगढ़ से मेट्रो सुबह छह बजे के बजाय सात बजे ही चलेगी और रात के समय आखिरी गाड़ी नौ बजे ही निकल जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पहली गाड़ी सुबह छह बजे चला करेगी। यह जानकारी डीएमआरसी के आधिकारिक सूत्रों ने दी।
पंजाबी बाग इंटरचेंज हाल्ट स्टेशन के प्लेटफार्म का निर्माण कार्य चलने के कारण ग्रीन लाइन (कीर्ति नगर-इंद्रलोक-बहादुरगढ़) पर मेट्रो परिचालन के समय में बदलाव किया गया था। इस लाइन पर सुबह देर से मेट्रो सेवा शुरू होती है और रात को जल्दी बंद हो जाती है।
दिल्ली के कीर्तिनगर व इंद्रलोक से आखिरी ट्रेन रात 10:30 बजे के बजाय 9:30 बजे चलती है और 25 मार्च तक यही व्यवस्था रहेगी। यह व्यवस्था बीते वर्ष एक दिसंबर से लागू की गई थी। शुरुआत में डीएमआरसी का अनुमान था की डेढ़ महीने में इंटरचेंज हाल्ट स्टेशन के प्लेटफार्म का निर्माण पूरा हो जाएगा, लेकिन कार्य पूरा नहीं हो सका। अब 25 मार्च से यह कार्य पूरा होने की संभावना है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अधिकारियों का अनुमान है कि यह हाल्ट स्टेशन मार्च के दूसरे या तीसरे सप्ताह में बनकर तैयार हो जाएगा। बता दें कि ग्रीन लाइन स्थित पंजाबी स्टेशन स्टेशन से पिंक लाइन के पंजाबी बाग स्टेशन तक जाने के लिए इंटरचेंज स्टेशन का प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। यह किसी स्टेशन पर नहीं बल्कि बीच मेट्रो लाइन पर बनाया जा रहा है। जिसके चलते यह काम रात में होता है।
ग्रीन लाइन (बहादुरगढ़-इंद्रलोक-कीर्ति नगर) पर पंजाबी बाग में दिल्ली मेट्रो के पहले हाल्ट इंटरचेंज स्टेशन का ढांचा तैयार हो गया है। अब सिर्फ फिनिशिंग का काम बाकी है। उम्मीद है कि अगले करीब दो माह में यह इंटरचेंज स्टेशन पूरी तरह तैयार हो जाएगा।
यह पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) के पंजाबी बाग पश्चिम मेट्रो स्टेशन के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा, इसलिए इस इंटरचेंज स्टेशन पर पिंक व ग्रीन लाइन के यात्री अपनी जरूरत के अनुसार मेट्रो बदल सकेंगे।
बता दें कि इस स्टेशन से सिर्फ मेट्रो बदलने की सुविधा होगी। इस स्टेशन पर यात्रियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। मौजूदा समय में ग्रीन लाइन लाइन के पंजाबी बाग व पिंक लाइन के पंजाबी बाग पश्चिम मेट्रो स्टेशन के बीच इंटरचेंज की सुविधा नहीं है, क्योंकि दोनों स्टेशन एक-दूसरे से थोड़ी दूरी पर हैं।
इस वजह से बहादुरगढ़ व मुंडका की तरफ से आजादपुर, मजलिस पार्क, सरोजनी नगर, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, निजामुद्दीन इत्यादि जगहों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके मद्देनजर डीएमआरसी ने पिछले साल जून में ग्रीन लाइन पर पंजाबी बाग चौराहे के पास हाल्ट इंटरचेंज स्टेशन बनाने का काम शुरू किया।