गांव कबलाना के पास दो दिन पहले मिले युवक के शव की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है। न तो मृतक युवक की पहचान हो पाई है और न ही हत्या से जुड़ी बातें उजागर हुईं। पुलिस ने फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई कर शनिवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करने की तैयारी कर ली है।
ये है मामला
बहादुरगढ़ रोड पर गांव कबलाना के पास ढाबे से कुछ आगे बुधवार सायं सड़क किनारे गड्ढे में 20 वर्षीय एक युवक का शव बरामद हुआ था। युवक की गर्दन पर रस्सी से गला घोंटने जैसे निशान थे। पुलिस के अनुसार युवक की हत्याकर उसके शव को बोरे में बंद करके यहां फेंका गया है। पुलिस ने कार्रवाई कर शव को सिविल अस्पताल में रखा था। साथ ही आसपास के थानों में भी युवक का शव मिलने की सूचना देकर लापता युवक के बारे में जानकारी मांगी थी। दो दिन बाद भी युवक की पहचान नहीं हो पाई।
कहीं गाड़ी में तो नहीं हुआ कत्ल
युवक की हत्या को लेकर पुलिस की छानबीन दो दिन से जारी है। पुलिस कर्मी आस पास के थानों में भी जानकारी जुटाने के लिए गए। फिलहाल न तो किसी ने युवक ने लापता होने की सूचना कहीं दर्ज कराई है और न ही पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या गाड़ी में अगली सीट पर बैठाकर पीछे बैठे व्यक्ति ने किसी बेलट या रस्सी से गला घोंटकर की है। उसके बाद शव को बोरे में बंद कर यहां डाल दिया गया।
कबलाना के पास जिस युवक का शव मिला था, उसकी पहचान नहीं हो पाई है। युवक की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम अभी नहीं हुआ है इस कारण कार्रवाई धारा 174 के तहत की गई है। पोस्टमार्टम होने के बाद हत्या के संबंध में मामला दर्ज होगा। पुलिस छानबीन में लगी है। युवक की पहचान होने के बाद ही पूरा भेद खुल सकेगा।
-बलजीत सिंह, थाना प्रभारी।