दिल्ली से जींद जिले के नरवाना में पेशी पर ले जाए जा रहे कुख्यात बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी को उसके साथी बहादुरगढ़ के पास पुलिस हिरासत से छुड़ा ले गए। दो कारों में सवार होकर आए बदमाशों ने दिल्ली पुलिस की टीम की आंखों में मिर्ची डालकर वारदात को अंजाम दिया। भागते वक्त बदमाश एक सिपाही से राइफल एमपी-5 और 13 जिंदा रौंद छीन ले गए। घटना का पता लगते ही बहादुरगढ़ व दिल्ली पुलिस में हड़कंप मचा गया। थाना शहर में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस की थर्ड बटालियन के 4 पुलिसकर्मी हवलदार रामप्रकाश, सिपाही ओमप्रकाश, राघव व सुखबीर अलीपुर के रहने वाल कुख्यात बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी को शनिवार की सुबह साढ़े तीन बजे सरकारी बस से दिल्ली की तिहाड़ जेल से आईएसबीटी पर पहुंचे थे। यहां से 5 बजे वे दिल्ली से पटियाला जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बस संख्या एचआर 56ए-5416 में विचाराधीन अपराधी जितेंद्र उर्फ गोगी का बैठाकर जींद जिले के नरवाना कोर्ट में पेशी के लिए लेकर चले। जैसे ही यह बस 6 बजकर 15 मिनट पर बहादुरगढ़ के गांव सांखोल से चंद दूरी पर ढाबे के नजदीक पहुंची, दो कारों आई-टेन व स्विफ्ट में सवार होकर आए 8-10 बदमाशों ने बस को ओवर टेक करते हुए घेर लिया। बस के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी और ड्राईवर पर पिस्टल तानते हुए चाभी निकाल ली। जब तक बस में सवार यात्री व पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही बदमाशों ने आगे व पीछे वाली दोनों खिड़कियों से चढ़ते ही पुलिसकर्मियों को घेर लिया।
बताया गया है कि बस में पहले से ही सवार बदमाशों के कुछ साथियों ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची डाल दी। जितेंद्र को हथकड़ी लगाई हुई थी। उसकी हथकड़ी सिपाही ओमप्रकाश की बेल्ट से बंधी थी, इसके बाद भी बदमाश उसे छुड़ा ले गए।
पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग भी हुई। इसी बीच मौका पाकर बदमाश बस के पीछे खड़ी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में जितेंद्र को बैठाकर रोहतक की तरफ भाग निकले। इस वारदात से रोडवेज में बैठी अन्य सवारियों में हड़कंप मच गया और वे एकाएक हुई इस घटना से बुरी तरह से सहम गए।
वारदात की सूचना पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। डीएसपी धीरज कुमार की देखरेख में पुलिस ने जांच शुरू करी। दिल्ली पुलिस को भी घटना से अवगत कराया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी बहादुरगढ़ पहुंचे और पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटाई। सिपाही राघव की एमपी-5 राइफल के साथ 13 जिंदा रौंद छीने हैं। पुलिस हिरासत से अपराधी को छुड़वाने के बाद बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस के एसीपी क्राइम सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस से भी कई प्रमुख पहलुओं को लेकर मंथन किया।
कई संगीन मामले दर्ज
दिल्ली निवासी बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी पर हरियाणा के समालखां, नरवाना के अलावा दिल्ली सहित कुछ अन्य थानों में दस से ज्यादा हत्या, लूट, डकैती सहित कई संगीन केस दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार फिलहाल हत्या के एक मामले में वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद था। जींद के नरवाना कोर्ट में किसी केस के सिलसिले में उसे शनिवार को पेश किया जाना था।
दूसरे जिलों से संपर्क साधा
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस हिरासत से छुड़वाए गए बदमाश व उनके अन्य साथियों को पकड़ने के लिए कई टीमें जुटी हुई हैं। रोहतक व सोनीपत सहित अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। साथ में दिल्ली, यूपी, पंजाब व राजस्थान सूबों की पुलिस से भी जानकारी साझा की जा रही है।