जून माह में आपसी विवाद को लेकर गांव डीघल में हुई धर्मबीर (60) की हत्या के मामले में झज्जर पुलिस दो आरोपियों को जींद जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें मामले में पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
थाना दुजाना प्रबंधक शेर सिंह ने बताया कि गांव डीघल निवासी बिशनी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके पड़ोसी उदय सिंह उर्फ उदल का खाली प्लॉट पड़ा है। घर की दीवार को लेकर उनका और पड़ोसी उदय सिंह का झगड़ा हो गया था, जिसके बाद पंचायती तौर पर उनका समझौता भी हो गया था। आरोप लगाया था कि सात जून को दोपहर के बाद उदय सिंह अपने परिवार व अन्य लोगों के साथ उनके घर के बाहर आकर गालियां देने लगा। उसके पति धर्मबीर ने गाली देने से मना किया तो वे सभी उनका दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुस आए और धर्मबीर व उसके पोते अंकित को गोली मारकर घायल कर दिया था, गंभीर रूप से घायल धर्मबीर ने रोहतक के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 11 जून को दम तोड़ दिया था। इसके पश्चात थाना दुजाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि गत दिनों जींद जिले के थाना जुलाना एरिया में गाड़ी छीनने के आरोपियों ने धर्मबीर की हत्या की बात कुबूली थी। इसके बाद पुलिस की गिरफ्त में आए दो आरोपियों कुलबीर सिंह व आशीष उर्फ आशे निवासी डीघल को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई और झज्जर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को धर्मबीर की हत्या के मामले में पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर भेजा है।