पुलिस ने रविवार को आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआइई) स्थित दो दुकानों से चोरी करते पकड़े तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए दुकानों में चोरी की थी।
पंजाब के बठिंडा में मोड़ मंडी क्षेत्र के निवासी प्रदीप, आकाश व रोबिन टीकरी बॉर्डर किसान आंदोलन में भाग लेने आए थे। इनमें से दो युवक 29 जुलाई को पंजाब से आए थे और उनका तीसरा साथी 31 जुलाई को आया था। आरोपी प्रदीप मोड़ मंडी में पल्लेदारी का काम करता है और रोबिन पेंटर है। आकाश हलवाई की दुकान में काम करता है। उक्त तीनों आरोपी रविवार को एमआइई में बिहार के समस्तीपुर निवासी सुशील कुमार की मोबाइल फोन की दुकान से और बिहार के मोतीहारी निवासी चंद्रिका दास की चाय की दुकान का सामान चोरी करते पकड़े गए थे।
एक गया था भाग
दुकानदार सुशील कुमार ने बताया कि उपरोक्त तीन आरोपियों को लोगों ने काबू कर लिया, लेकिन उनके साथ एक और युवक था, जो भागने में सफल रहा। मनीष कुमार नाम का यह फरार आरोपी टेंपो ड्राइवर है। चारों ने दिन में रैकी करके चोरी करने की योजना बनाई थी। मोबाइल फोन की दुकान से इन्होंने की-पैड वाले आठ मोबाइल फोन व अन्य सामान और चाय की दुकान से सामान, गैस सिलिंडर आदि चोरी किया था।
चोरी करने के आरोपियों को नशे की आदत है। जब इनके पास पैसे खत्म हो गए तो चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों को रिमांड पूरा होने पर मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। फरार हुए चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
- सतनारायण, एमआइई पुलिस चौकी इंचार्ज, बहादुरगढ़।