उत्तरी हरियाणा बिजली निगम की ओर से ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के तहत गांव टांडाहेड़ी में घरों से बाहर मीटर लगाने का काम चल रहा है। वीरवार को निगम की टीम गांव में घरों से बाहर मीटर लगाने पहुंची तो गांव के निवर्तमान सरपंच और उनके बेटे ने इस कार्य का विरोध किया। घरों से बाहर मीटर नहीं लगने दिए और टीम को लौटा दिया। निगम के एसडीई अजय सिंगरोहा ने निवर्तमान सरपंच ओमप्रकाश व उनके बेटे आशीष कुमार के खिलाफ सदर थाना में सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
24 घंटे मिल सकती है बिजली
पुलिस को दी शिकायत में बिजली निगम के एसडीई अजय सिंगरोहा ने बताया कि वीरवार को सुबह करीब पौने दस बजे गांव टांडाहेड़ी में बिजली निगम की ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के तहत बिजली के मीटर घरों से बाहर निकालने के लिए गई थी। यह गांव योजना के तहत चयनित है और गांव में 24 घंटे बिजली दी जानी है। मगर उसमें शर्त यह है कि गांव के सभी घरों के मीटर बाहर खंभों पर लगाए जाएंगे। तभी योजना का लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों की जुट गई भीड़
एसडीओ ने बताया कि यहां ग्रामीण बिजली निगम की टीम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे और काम को रुकवा दिया। कुछ देर बाद निवर्तमान सरपंच ओम प्रकाश भी मौके पर आ गए और काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने ओमप्रकाश सरपंच व उसके बेटे आशीष कुमार के नेतृत्व में मीटर लगाने के काम को बंद करवा दिया। साथ ही टीम को वापस जाने को कहा। ऐसे में बिजली निगम की पूरी टीम बिना मीटर लगाए ही लौट आई।
थाना सदर पुलिस में एसडीई अजय सिंगरोहा की शिकायत पर निवर्तमान सरपंच व उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।