सैनिकनगर क्षेत्र में अवैध निर्माणों को गिराती नगर परिषद की जेसीबी।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। अवैध तरीके से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार की ओर से बुधवार को लंबे समय बाद फिर कार्रवाई की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में डीटीपी मोहन सिंह की देखरेख में पटेल नगर के पास 200 फुटा रोड के पास 15 एकड़ में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों पर विभाग का पीला पंजा चला। टीम ने जेसीबी की मदद से इन कॉलोनियों में 86 भूखंडों की डीपीसी और 4 कमरों को गिरा दिया। इतना ही नहीं गांव कसार के पास अवैध रूप से बनाई जा रही चहारदीवारी को भी टीम ने गिरा दिया।
अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनी में डीपीसी व एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय को डीटीपी के दस्ते ने जेसीबी की सहायता से तोड़ दिए। डीटीपी मोहन सिंह ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जमीन खरीदता है तो उसकी पहले जांच पड़ताल कर लें। कहीं ऐसा न हो कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अनाधिकृत क्षेत्र में प्लॉट ले लें। अवैध कॉलोनियों में किसी भी तरीके से निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। यदि निर्माण किया जाता है तो उसको गिरा दिया जाएगा। बनाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्लॉट खरीदने से पहले नक्शा जरूर चेक करें
उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में खरीदी जाने वाली जमीन की रजिस्ट्री करने पर भी सरकार ने रोक लगा रखी है। साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि कहीं भी प्लॉट लेने से पहले वहां का नक्शा पास है या नहीं इसके बारे में विभाग से जरूर पता कर लें। बुधवार को अवैध कॉलोनियों में की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान जेई अरविंद और राजकुमार के अलावा सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मौजूदगी रही। मोहन सिंह ने कहा कि खेतों की जमीन में अनेक स्थानों पर अवैध कॉलोनियां बनाई जा रही हैं, उनकी निशानदेही करके उन पर भी विभागीय कार्रवाई करते हुए जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माण गिराया जाएगा।