झज्जर में शादी रुकवाने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पत्नी को झांसा देकर दूसरी शादी रचा रहे युवक को पुलिस ने काबू किया और शादी को भी रुकवा दिया। युवक सोनीपत के बिढ़ान गांव से आकर झज्जर के एक होटल में शादी रचा रहा था। इसी बीच उसकी पहली पत्नी पुलिस को लेकर मौके पर आ धमकी।
करीब सात साल पहले सोनीपत के बिढ़ान गांव निवासी एक युवक की शादी गन्नौर की युवती के साथ हुई थी। उसके बाद दहेज के कारण मारपीट कर युवक ने पत्नी को घर से निकाल दिया था। पिछले 6 साल से अदालत में उनका तलाक का केस विचाराधीन है। तलाक से पहले ही युवक झज्जर के एक होटल में हेली मंडी गुरुग्राम की एक युवती के साथ शादी रचा रहा था। उसके ही किसी रिश्तेदार ने उसकी पहली पत्नी को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही महिला झज्जर के पुलिस थाने में पहुंच गई। पुलिस ने जब उनका नंबर ट्रेस किया तो झज्जर के एक होटल की लोकेशन आई। लोकेशन के आधार पर पुलिस होटल में पहुंची और युवक की शादी रुकवा दी। पुलिस युवक व उसके पिता को अपने साथ पुलिस थाने में भी लेकर आई लेकिन मामला महिला एवं बाल संरक्षण विभाग से जुड़ा होने की वजह से पुलिस में दर्ज नहीं हो पाया है। रविवार का अवकाश होने के कारण उन्हें सोमवार को महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय में बुलाया गया है।
गन्नौर गांव निवासी प्रीति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 19 मई 2014 को बिढ़ान गांव निवासी मनोज के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे और एक साल बाद ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। अदालत में उनका केस चल रहा है। उनका तलाक भी नहीं हुआ है।
वहीं युवक के परिजनों ने बताया कि पंचायती तौर पर उनका तलाक हो चुका है, लेकिन पुलिस के सामने युवक कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाया। अब महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में मामले की जांच की जाएगी। उसके बाद ही मामला दर्ज हो पाएगा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला एवं बाल संरक्षण विभाग की टीम के साथ शादी को रुकवा दिया है। इस मामले की सोमवार को महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी जांच करेंगी और इस मामले में अगर युवक की तरफ से कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - कविता, महिला पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर।