झज्जर। क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों से लिपिकीय कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों से संबंधित गठित कार्य समीक्षा कमेटी द्वारा समीक्षा रिपोर्ट कमेटी के चेयरमैन के साथ हुई। क्लेरिकल एसोसिएशन झज्जर के प्रधान गणेश कुमार ने बताया कि मौखिक मीटिंग के दौरान पता चला है कि रिपोर्ट तैयार करके सरकार को सौंपी जा चुकी है लेकिन सरकार द्वारा अभी तक लागू नहीं किया गया है।
इसके अलावा 15 अगस्त 2023 को सरकार से हुए समझौते के अनुसार हड़ताली कर्मचारियों के 42 दिन के हड़ताल के समय में से 7 दिन के अर्जित अवकाश काटने के बाद बचे बाकी के समय को ड्यूटी समय माना जाना था, लेकिन अभी तक सरकार ने इस पर कोई संज्ञान नही लिया है जो कर्मचारियों के साथ हुए धोखे और वादा खिलाफी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने बारे कई बार प्रार्थना पत्र भी दिया जा चुके हैं, लेकिन अभी तक बैठक का समय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी हरियाणा एक बार फिर सरकार से मांग करती है कि लिपिकीय कर्मचारियों की भलाई के लिए हड़ताल के समय को ड्यूटी समय माना जाए और समीक्षा कमेटी की रिपोर्ट जारी कर सम्मानजनक वेतनमान एक जनवरी 2016 से लागू करने का कष्ट करें, जिसमें एरियर की कोई मांग एसोसिएशन नहीं करती है। वेतनमान लागू होने से सरकार को कोई वित्तीय घाटा भी नहीं होगा। उन्होंने बताया कि फिर भी यदि आपकी सरकार समय रहते समीक्षा रिपोर्ट जारी कर वेतनमान नहीं बढ़ाती है तो लिपिकीय वर्ग फिर से अपना आंदोलन शुरू करेगा, जिसके लिए सरकार पूर्णतया जिम्मेदार होगी। क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी हरियाणा आने वाली 10 फरवरी को मुख्यालय भिवानी में एक राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन करेगी, जिसमें ठोस निर्णय लिए जाएंगे।