-फोटो 51 : टक्कर लगने के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद
बहादुरगढ़। बाईपास पर झज्जर रोड फ्लाईओवर पर बुधवार को सुबह एक स्कोडा कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाई, जिससे चार वाहन भिड़ गए। एक कार पलट गई, जिसमे महिला, बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एचएल सिटी के सामने सुबह 9 बजे झज्जर रोड फ्लाईओवर पर एक स्कोडा कार चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे आ रही तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई। हादसे में रोहतक के गांव किलोई निवासी नवीन, एक महिला व बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। नवीन के एक पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
हादसे में सोनेट कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई जबकि पिकअप व स्विफ्ट डिजायर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक गाड़ी का टायर निकलकर फ्लाईओवर के डिवाइडरों के गैप से नीचे सड़क पर जा गिरा। उसी स्थान पर खड़े जूस और मूंगफली बेचने वाले लोग अचानक गिरे टायर से बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू किया। पुलिस के अनुसार हादसा अत्यधिक रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण हुआ है। मामले की जांच जारी है।
-फोटो 51 : टक्कर लगने के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद
-फोटो 51 : टक्कर लगने के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद