झज्जर। बेरी के एसडीएम रविंद्र कुमार ने मंगलवार को शहीद मेजर महेंद्र सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, माजरा डी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल के चार शिक्षक गैरहाजिर मिले। सभी गैरहाजिर शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि शिक्षा की अलख देश प्रदेश में विकास का मजबूत तंत्र विकसित करती है।
एसडीएम रविंद्र कुमार ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई के विषय में जानकारी भी ली। उन्होंने शिक्षक को निर्देश दिए कि वे सभी कोरोना के दृष्टिगत आपसी दूरी, मास्क डालना और अन्य सावधानी बरतें। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर व कमरों में नियमित सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में चल रही शैक्षिक गतिविधियों को लेकर अध्यापकों से चर्चा की।