बहादुरगढ़। नशे की कमर तोड़ने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। दूसरे दिन भी एंटी नारकोटिक सेल और एंटी व्हीकल थैफ्ट पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार युवकों को नशे के पदार्थों के साथ काबू किया है। इनमें दो आरोपियों से 60 नशे के इंजेक्शन बरामद किए हैं। दो युवकों से 6 ग्राम 10 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई है। चारों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि वे स्मैक कहां से लेकर आए और किसे बेचने की फिराक में थे। वहीं इंजेक्शन कहां से और किसको देने थे इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है।
एंटी व्हीकल थैफ्ट की पुलिस टीम को सूचना मिली कि अमरजीत निवासी सासरौली हाल किराएदार बहादुरगढ़ व राहुल निवासी नयागांव नीमका, राजस्थान हाल किराएदार लाइनपार बहादुरगढ़ नशे के इंजेक्शन बेचने का काम करते हैं। इसे बेचने की फिराक में अपने कमरे विकास नगर बहादुरगढ़ के बाहर खड़े हैं। सूचना पर एंटी व्हीकल थैफ्ट की टीम उपरोक्त स्थान पर पहुंची और दो व्यक्तियों को काबू किया गया। नशीला पदार्थ होने के संदेह पर राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी के समक्ष उनकी तलाशी ली गई तो अमरजीत से 35 और राहुल से 25 इंजेक्शन बरामद हुए।
आरोपियों से बरामद नशे के इंजेक्शनों की पुष्टि के लिए ड्रग्स इंस्पेक्टर व सरकारी डॉक्टर से राय ली गई तो उन्होंने बताया कि यह इंजेक्शन नशे के हैं और सरकार की ओर से इन पर रोक लगाई गई है।
6 ग्राम 10 मिलीग्राम स्मैक बरामद
एंटी नारकोटिक सेल झज्जर की टीम को सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली से बहादुरगढ़ की तरफ आएंगे। पुलिस ने नाकाबंदी दो युवकों को काबू करके उनसे नाम पता पूछा तो स्कूटी चालक ने अपना नाम कपिल निवासी छारा, जिला झज्जर व पिछली सीट पर बैठे शख्स ने अपना नाम ललित निवासी सराय औरंगाबाद जिला झज्जर बताया। दोनों को शक के आधार पर काबू किया गया। इसके बाद राजपत्रित अधिकारी के समक्ष उनकी तलाशी ली गई तो उनसे 6 ग्राम 10 मिलीग्राम नशीला पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।