बहादुरगढ़। नगर परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों में विवाद होने लगे हैं। लाइनपार थाना पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी पूर्वांचल प्रकोष्ठ के झज्जर जिला संयोजक हरिमोहन धाकरे के खिलाफ अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं धाकरे ने मामले को राजनीति से प्रेरित बताया है।
भाजपा नेता धाकरे के खिलाफ पुलिस को शिकायत धर्म विहार की गली नंबर-11 निवासी सुनीता भारती ने दी है। उन्होंने धाकरे पर अपनी बेटी नीतू भारती को नीच व जातिसूचक शब्द से पुकारकर धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पड़ोसी धाकरे नगर के वार्ड-10 से चुनाव लड़ना चाहते हैं इसलिए वह हमारी सामाजिक सक्रियता से परेशान हैं। शिकायत में सुनीता भारती ने कहा है कि उनकी बेटी नीतू भारती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और 15 अगस्त को वार्ड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में नीतू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। जिससे धाकरे चिढ़ रखने लगे।
आरोप है कि धाकरे ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीतू के संबंधित विभाग में आरटीआई के तहत दरखास्त लगाकर कुछ जानकारी मांग ली। तभी से नीतू परेशान है। सुनीता का कहना है कि आरटीआई के तहत लगाई गई दरखास्त के बारे में बातचीत करने के लिए 17 अगस्त को वह धाकरे के घर गई। घर का दरवाजा खटखटाया तो धाकरे ने गेट पर उससे घर आने कारण पूछा। उसने बात शुरू ही की थी कि धाकरे ने तैश में आकर कहा कि तुमने झंडा कैसे फहरा दिया। नीच आदमी झंडा कैसे फहरा सकते हैं, झंडा तो हम फहरा सकते हैं। इस तरह जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धाकरे गाली गलौज करने लगे। पुलिस ने सुनीता भारती की शिकायत पर हरिमोहन धाकरे के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
दोनों पक्षों में है सियासी टकराव
वहीं इस पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित मामला माना जा रहा है। दरअसल, दोनों पक्ष वार्ड-10 से नगर परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। धाकरे पत्नी को चुनाव लड़ाना चाहते हैं तो शहर के कुछ प्रभावशाली लोग धाकरे के खिलाफ नीतू भारती को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। अब धाकरे से नीतू की सक्रियता हजम नहीं हुई तो उन्होंने आरटीआई के तहत दरखास्त लगा दी। अब नीतू की मां ने धाकरे खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत पुलिस में शिकायत दे दी। पूर्व नगर पार्षद हरिमोहन धाकरे भाजपा झज्जर जिला पूर्वांचल प्रकोष्ठ के संयोजक हैं। हरिमोहन धाकरे ने सुनीता भारती के आरोप निराधार बताए हैं।
अधिकारी का कहना
धर्म विहार निवासी सुनीता भारती ने हरिमोहन धाकरे के खिलाफ शिकायत दी है। इसलिए एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की पूरी परिस्थितियों और आरोपों की सच्चाई जानने के लिए जांच की जा रही है।
- अशोक, एसएचओ, लाइनपार थाना बहादुरगढ़।