बहादुरगढ़। स्थानीय काठ मंडी में धमकी से घबराए एक दुकानदार की हृदयाघात से मौत हो गई। पुलिस ने धमकी देने की आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। आरोपी सोनीपत के निवासी बताए गए हैं।
ओमैक्स सिटी के हैप्पी होम निवासी राहुल गुप्ता तीन भाई-बहन हैं। सभी विवाहित हैं। मां घरेलूू महिला हैं। पिता बिजेंद्र गुप्ता रेलवे रोड पर काठ मंडी में चीनी-चावल व पेंट की दुकान चलाते थे। वह इस दुकान में करीब 35 साल से पेंट का काम कर रहे थे। पांच-छह महीने से चीनी-चावल का व्यवसाय भी शुरू कर दिया था। 8 अप्रैल को उनके पिता बिजेंद्र गुप्ता दुकान में थे। पुलिस को दी शिकायत में राहुल गुप्ता ने बताया कि दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे नई अनाज मंडी सोनीपत का दुकानदार पवन कुमार अपने चार दोस्तों के साथ आया और उनके पिता से ऊंची-ऊंची आवाज में कहने लगा कि या तो हमारे पैसे दो या अपने भतीजे से दिलवा, नहीं तो हम गोली मार देंगे। तुम्हारे बच्चों को मार देंगे। यह सदमा बिजेंद्र गुप्ता बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
राहुल गुप्ता ने बताया उनके पिता की करीब पांच साल पहले बाइपास सर्जरी हुई थी। हार्ट अटैक आने पर उन्हें तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने रेफर कर दिया। इस पर वह अपने पिता को दिल्ली के बालाजी एक्शन अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राहुल गुप्ता का कहना है कि उनके पिता की मौत पवन व उसके साथियों की धमकी के सदमे से हुई है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। लाइन पार थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया है कि पवन कुमार और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।