हरियाणा के बहादुरगढ़ में दयानंद नगर में घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ के सेवन से पिता और बेटी की मौत हो गई। बेटी ने घर में ही दम तोड़ दिया जबकि पिता की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी अशोक दहिया मौके पर पहुंचे और आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है।
मृतकों की पहचान सुनील और उसकी करीब 20 वर्षीय बेटी अंशुल के रूप में हुई है। अंशुल जन्म से ही दिव्यांग थी। वह चलने और खाने-पीने में असमर्थ थी। वह पूरी तरह घर के अन्य सदस्यों पर निर्भर थी। पिता सुनील अपनी बेटी को लेकर काफी परेशान था। बुधवार दोपहर सुनील की पत्नी किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी।
उसी समय सुनील और अंशुल ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे अंशुल की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुनील को आनन-फानन में परिजन बहादुरगढ़ के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में लेकर गए जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम वीरवार की सुबह होगा। सुनील तीन बच्चों के पिता थे। अंशुल सबसे बड़ी थी।