भागलपुरी चौक पर किसानों को संबोधित करते किसान नेता।
- फोटो : Jhjhar
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद को लेकर बेरी व डीघल में किसान सड़कों पर उतरे। किसानों ने बेरी के भागलपुरी चौक व झज्जर-रोहतक नेशनल हाइवे डीघल टोल पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक जाम लगाया गया। बेरी के बाजार में बंद का असर पूर्ण रूप से देखने को मिला। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान सुबह से लेकर शाम 4 बजे तक बंद रखे। भागलपुरी चौक व डीघल टोल पर जाम लगने के बाद वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई थी। पुलिस की तरफ से रूटों को डायवर्ट करवा दिया। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जाम लगाने के बाद किसानों ने एंबुलेंस व इमरजेंसी सेवा वाले वाहनों को जाने दिया। भागलपुरी चौक पर किसानों के लिए भंडारा भी लगाया गया।
महिला विंग की जिला अध्यक्ष ममता कादयान का कहना है कि सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती है जब तक किसानों का धरना जारी रहेगा। किसान पिछले 10 माह से दिल्ली की सीमाओं पर लगातार शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं। किसान अपनी जायज मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। धरने में तेजबीर बाघपुर, राजीव कादयान, पूर्व पार्षद प्रविन्द्र कादयान, कैप्टन राज सिंह, अत्तर सिंह कादयान, उमराव, सुनील, सुरेंद्र कादयान, बिल्लु कादयान, ब्रह्मानंद, जितेंद्र, भाकियू की प्रवक्ता रेनू कादयान आदि किसानों ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार तीनों कृषि कानूनों को जबरदस्ती से थोपने का काम कर रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तब बाजार बंद होने पर दिनभर बाजार में सन्नाटा रहा। शाम 4 बजे बाद बाजार खुलने के बाद बाजार में रौनक दिखाई दी।