दिल्ली में जंतर मंतर के पास शुक्रवार को होने वाली संयुक्त किसान मोर्चा की किसान संसद में आंदोलनकारियों के टीकरी बार्डर पड़ाव से 15 प्रतिनिधि भाग लेंगे। ये 15 किसान वीरवार को सिंघू बार्डर के लिए रवाना हो गए।
शुक्रवार की किसान संसद के लिए टीकरी बार्डर से गए 15 किसानों को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। किसान नेताओं ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर उम्मीद जताई कि वे किसान संसद में हमारी बात प्रभावशाली ढंग से रखेंगे। शुक्रवार की किसान संसद में जम्हूरी किसान सभा के अमरीक सिंह भाईके, सतपाल सिंह व धन्ना सिंह अटालिया, पंजाब किसान यूनियन के सुरजीत सिंह, दर्शन सिंह संगनिया व गुरतेज सिंह भाग लेंगे। भारतीय किसान यूनियन डकोंदा के प्रतिनिधियों के रूप में भागा सिंह, गुरप्रीत सिंह व हरप्रीत सिंह, भारतीय किसान यूनियन मानसा के प्रतिनिधि होशियार सिंह, फौजा सिंह व कुलवंत सिंह और भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रतिनिधियों के रूप में जगबीर सिंह सैमाण, राजेश व 3 संजीव सैमाण किसान संसद में भाग लेंगे।
खेत की मिट्टी और पानी लाए युवा
जींद जिले के गांव दुर्जनपुर के 20 युवा अपने गांव के खेतों की मिट्टी और पानी लेकर पैदल टीकरी बार्डर पहुंचे। किसान नेताओं ने उनका स्वागत किया। युवाओं ने बार्डर पर लगे किसान स्टेचू पर मिट्टी और पानी चढ़ाए। उन्होंने अपनी जमीन और खेती की रक्षा करने का संकल्प व्यक्त लिया। इन युवाओं में अंकित दलाल, अमित व सोनू भी शामिल थे।
किसानों के लिए दी एंबुलेंस
कुल हिंद किसान सभा पूनावाला के सदस्य मास्टर रविंदर सिंह ने सभा के मंच से अपने स्वर्गीय पिता की याद में किसान आंदोलनकारियों के लिए एंबुलेंस देने की घोषणा की। इसका रखरखाव आंदोलनकारी डॉक्टर सवाई मान सिंह करेंगे। यह जरूरत पड़ने पर आंदोलनकारियों को चौबीसों घंटे सेवा देगी।