16jjrp08- झज्जर। शहर के सामान्स बस अड्डा से करीब आधा किलोमीटर दूर खड़ी डीटीसी बस। संवाद
झज्जर। आठ माह बीत जाने के बाद भी डीटीसी बसों को शहर के सामान्य बस अड्डा में टाइम टेबल के लिए काउंटर नहीं मिला है। नवंबर में नजफगढ़-नांगलोई स्टैंड से झज्जर के लिए डीटीसी बसों की शुरुआत की गई थी। डीटीसी बस को काउंटर नहीं मिलने के चलते यात्रियों को बाहर से ही डीटीसी बसों में बैठना पड़ रहा है।
नजफगढ़-नांगलोई स्टैंड से झज्जर के लिए चार डीटीसी बसों का संचालन किया जाता है, जिसमें से दो बसें सुबह व दो बसें शाम के समय में चलाई जाती हैं। नवंबर में दिल्ली की तत्कालीन आम आदमी पार्टी की सरकार की तरफ से इन डीटीसी बसों की शुरुआत की गई थी। उस समय करीब सप्ताह भर तक डीटीसी बसों को रोडवेज बसों के टाइम टेबल अनुसार सामान्य बस अड्डा में काउंटर दिया गया था।
इसके एक सप्ताह बाद डीटीसी बसों को सामान्य बस अड्डा में टाइम टेबल के लिए काउंटर देना बंद कर दिया गया। इसके चलते डीटीसी बस चालक अपनी बसों को बस अड्डा के बाहर ही खड़ा करने लगे। तब से लेकर अब तक डीटीसी बसों को सामान्य बस अड्डा में टाइम टेबल नहीं मिला है। फिलहाल डीटीसी बसों को बस अड्डा से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर खड़ा किया जा रहा है।
डीटीसी बसों को लेकर मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। इसको जल्द ही चेक कराकर अपडेट किया जाएगा।
- अंकित चौकसे, आरटीए, झज्जर