झज्जर। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने वीरवार को मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और उसके बाद तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। यूनियन नेता संदीप कुमार मारौत ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार सफाई कर्मियों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि 17 साल से कच्ची नौकरी की मार झेल रहे सफाई कर्मियों को इस विधानसभा चुनाव से पहले पक्के होने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सफाई कर्मियों को पक्का करने की बजाय केवल 1000 रुपये की मामूली सी बढ़ोतरी करके जले पर नमक छिड़कने का काम किया है। वहीं सरकार ने सफाई कर्मचारी पोर्टल बनाने की घोषणा करते हुए अपनी मंशा साफ कर दी है कि ये सफाई कर्मचारी आगे भी पक्के नहीं होंगे और जीवनभर कच्ची नौकरी की मार झेलते रहेंगे। इसके विरोध में 12 से 17 जुलाई तक काली पट्टी और बैज लगाते हुए ब्लॉक स्तर पर सरकार की शवयात्रा व पुतला दहन करके विरोध सप्ताह मनाया जाएगा। 21 जुलाई को कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के फरीदाबाद आवास पर जोनल प्रदर्शन किया जाएगा। 22 से 30 जुलाई तक ब्लॉक स्तर पर आमसभा और जनसंपर्क अभियान चलाते हुए एक और दो अगस्त को मंत्रियों के आवास पर 24 घंटे पड़ाव डाला जाएगा, जहां मंत्री नहीं वहां उपायुक्त कार्यालय पर जिला स्तरीय पड़ाव डाले जाएंगे। फिर भी अगर सरकार ने सफाई कर्मियों की अनदेखी की तो 11 अगस्त को सीएम सिटी करनाल में राज्यस्तरीय जोनल प्रदर्शन करते हुए सीएम आवास का घेराव करते हुए आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस अवसर पर सुनील, नरेश लडायन, रामभक्त, ब्रह्मपाल मौजूद रहे।