बहादुरगढ़। गांव लडरावन के पास सड़क दुर्घटना में बिजली निगम में अनुबंध आधार पर कार्यरत एक युवक की मौत हो गई। इससे घर में मातम पसर गया। हादसे की सूचना पर परिवार के सदस्य नागरिक अस्पताल में पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर थाना सदर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के हवाले कर दिया।
लाइनपार के हरी नगर का निवासी अनिल चार बहनों का इकलौता भाई था। वह बिजली निगम में डीसी रेट पर कार्य करता था। वीरवार की शाम को वह अपनी बाइक पर सवार होकर अपने एक साथी प्रहलादपुर किड़होली निवासी रजनेश को उसके गांव छोड़ने की बात कहकर घर से गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के सदस्य चिंतित हो गए। आधी रात के बाद परिवार के सदस्यों को पता चला कि गांव लडरावन के पास अनिल को किसी अज्ञात वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी है। इसमें अधिक चोटें आने के कारण उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि अनिल शादीशुदा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।