बहादुरगढ़। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक देशवाल और उनके साथियों ने दुल्हेड़ा में इकट्ठे होकर ट्विटर द्वारा राहुल गांधी, रणदीप सुरजेवाला समेत कांग्रेस के कई नेताओं के एकाउंट बंद करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि ट्विटर को धमकाकर सरकार कांग्रेस की आवाज को दबा नहीं पाएगी।
देशवाल ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर आज विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। भाजपा सरकार लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है, जबकि कांग्रेस किसानों, मजदूरों, शोषित, दलित व युवाओं की आवाज बुलंद कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्विटर पर दबाव बनाकर राहुल गांधी और रणदीप सुरजेवाला के ट्विटर के ऑफीसियल एकाउंट को अस्थायी तौर पर बंद करवाने से भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है।
देशवाल ने कहा कि जनता के हक, अधिकार और न्याय की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस और नेताओं के ट्विटर एकाउंट पर ताला लगाकर ट्विटर इंडिया ने साबित कर दिया है कि वह केंद्र सरकार के आगे पूरी तरह से नतमस्तक हो चुकी है। लेकिन कांग्रेस सच्चाई की आवाज उठाने से कभी पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर दिनेश, जयकिशन, सरदार, नरेश देशवाल व मिंटू भी मौजूद रहे।