झज्जर। जिला में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के नकलरहित संचालन के लिए जिला प्रशासन मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। डीसी शक्ति सिंह व एसपी वसीम अकरम ने भी वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी व दूबलधन का निरीक्षण किया। वहीं जिला के सभी एसडीएम, शिक्षा विभाग के अधिकारी व अन्य फ्लाइंग स्क्वाड ने दिन भर विभिन्न केंद्रों का दौरा किया।
डीसी ने कहा कि नकलरहित परीक्षा के संचालन के लिए जीरो टॉलरेंस पर काम करें। अगर कहीं भी गड़बड़ी की शिकायत मिलती है तो स्टाफ स्वयं जिम्मेदार होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से भी परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने की बात कही। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी का निरीक्षण करने के उपरांत दूबलधन में डीसी व एसपी करीब एक घंटे तक परीक्षा केंद्र में मौजूद रहे। एसपी ने भी पुलिसकर्मियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति अनाधिकृत रूप से परीक्षा केंद्र में घुसने का प्रयास करें तो उसे तुरंत राउंड अप करें। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर लापरवाही मिलेगी तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की जवाबदेही होगी।