बेरी में दुजाना थाना के अंतर्गत आने वाले गांव महराणा में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक की पहचान गांव महराणा निवासी मोहित पुत्र संदीप के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि युवक रविवार शाम से घर से लापता था और परिजनों ने इसकी गुमशुदगी की शिकायत दुजाना थाने में दर्ज करवाई थी और परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सोमवार सुबह महराणा-छोछी मार्ग पर खेतों में मोहित का शव मिला। मोहित के छाती में गोली लगी हुई है। सूचना मिलने के बाद दुजाना थाना प्रभारी अंकित अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। अभी तक मामले में यह पता नहीं लग पाया है कि गोली किसने और क्यों चलाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
घर से बुलाकर मोहित को ले गया था युवक
महराणा गांव निवासी मोहित की हत्या से पहले का सीसीटीवी सामने आया हैं। एक युवक मोहित को उसके घर से बुलाकर ले गया था। सीसीटीवी में सामने आया हैं कि एक युवक मोहित के पास आता हैं और उसे कुछ कहता हैं। इसके बाद मोहित युवक के साथ चला जाता हैं। उसके बाद से मोहित का कुछ अता-पता नहीं था। सोमवार सुबह मोहित का शव खेतों से बरामद हुआ हैं। पुलिस अब आरोपी कि तलाश में लगी हुई हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर झज्जर के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवा रही हैं।
दुजाना थाना प्रभारी अंकित ने बताया कि महराणा-छोछी राजवाहे के पास खेतों में युवक का शव मिला है। युवक की हत्या गोली मारकर की गई है। मामले की जांच की जा रही है। युवक रविवार शाम को घर से लापता हुआ था। जिसका थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज है।